vinod upadhyay

vinod upadhyay

मंगलवार, 4 जनवरी 2011

'बलात्‍कारी' भाजपा विधायक की जान लेने वाली महिला की पिटाई

पूर्णिया. बिहार में पूर्णिया सदर से भाजपा विधायक राज किशोर केशरी की हत्या कर दी गयी है। हत्‍या का आरोप स्‍थानीय महिला शिक्षक रूपम पाठक पर है।

मंगलवार की सुबह रूपम पाठक विधायक से मिलने उनके आवास पर पहुंचीं। वह शॉल ओढ़े हुई थीं। उन्होंने शॉल के भीतर चाकू छिपा रखा था। विधायक के पास पहुंचते ही रूपम ने उन पर चाकू से 3 वार किए। बुरी तरह घायल विधायक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन बचाया नहीं जा सका।

रूपम ने केशरी पर बलात्‍कार का आरोप लगाया था। बताया जाता है इस बारे में उन्‍होंने 5 महीने पहले एफआईआर भी दर्ज कराई थी। इस पर कोई कार्रवाई नहीं होने से उन्‍होंने कानून हाथ में लेने का फैसला किया। विधायक की हत्या के बाद उनके समर्थकों ने महिला को पीट-पीटकर बुरी तरह जख्मी कर दिया। इसके बाद उन्‍हें अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्‍टर उनकी हालत नाजुक बता रहे हैं।

मां की मौत का शोक मना रहे बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने गठबंधन की सहयोगी भाजपा के विधायक की हत्‍या पर शोक जताया है। उन्‍होंने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। लेकिन राज्‍य के उप मुख्‍यमंत्री और भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी ने दिवंगत विधायक को पाक-साफ बताते हुए महिला पर ही सवाल उठाए हैं। उन्‍होंने कहा कि महिला की मानसिक स्थिति को लेकर शक है। विधायक को महिला की शिकायत के मामले में क्‍लीन चिट मिली थी। खुद रूपम ने भी विधायक के पक्ष में बयान दिया था। ऐसे में पूरी तहकीकात के बाद ही निश्चित रूप से कुछ कहा जा सकता है। मोदी ने महिला को विवादास्‍पद बताते हुए कहा कि उनका परिवार में भी झगड़ा चल रहा है। महिला के पति मणिपुर में रहते हैं और वह खुद पूर्णिया में स्‍कूल चलाती हैं। संपत्ति को लेकर परिवार के साथ मुकदमेबाजी में भी वह फंसी हुई हैं।

मोदी ने विपक्ष के इस आरोप को गलत बताया कि यह हत्‍याकांड राज्‍य में कानून-व्‍यवस्‍था की पोल खोल रहा है। उन्‍होंने कहा कि यह राज्‍य में खराब कानून-व्‍यवस्‍था से जुड़ा मामला नहीं है।