vinod upadhyay

vinod upadhyay

बुधवार, 2 अप्रैल 2014

लोकसभा चुनाव के लिए पुलिसबल जुटाने की मशक्कत

निर्वाचन आयोग के साथ पुलिस प्रशासन के लिए भी शांतिपूर्वक चुनाव करवाना चुनौती होता है। यही वजह है कि पुलिस प्रशासन ने इस बार खास तैयारी की है। विधानसभा चुनाव के मुकाबले लोकसभा चुनाव में पोलिंग बूथ बढ़ाए गए है। इस कारण चुनाव ड्यूटी में पुलिस बल भ बढ़ाया जाएगा। इस बार 16 कंपनियां व 5 हजार पुलिस बल के चुनाव व्यवस्था में लगाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
300 मतदाताओं पर एक पुलिस जवान
विधानसभा चुनाव में 2279 मतदान केंद्र बनाए गए थे। लोकसभा चुनाव के लिए 2466 मतदान केंद्र बनाए गए है। पुलिस मुख्यालय से इस बार 16 कंपनियों की मांग की गई है। इनसे लगभग 1500 पुलिस बल मिलने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा जिला पुलिस बल के साढे तीन हजार जवानों का बल भी इसमें शामिल रहेगा। इस तरह लगभग 5 हजार पुलिस बल के चुनाव ड्यूटी में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा होमगार्ड, कोटवार व विशेष पुलिस का दर्जा देकर ं 2500 लोगों को निर्वाचन ड्यूटी में लगाया जाएगा। इस हिसाब से चुनाव में पुलिस व्यवस्था संभालने में 7500 लोग लगेंगे। जिला निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक जिले में कुल 23 लाख 46 हजार 393 मतदाता है। इस हिसाब से 300 मतदाताओं पर एक पुलिस जवान नियुक्त किया जाएगा।
210 संवेदनशील मतदान केंद्र
लोकसभा चुनाव के लिए 210 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया है। सामान्य मतदान केंद्रों के मुकाबले इन पर सुरक्षा काफी मजबूत रखी जाती है। प्रत्येक मतदान केंद्र पर कम से कम पांच जवानों को नियुक्त किया जाता है। इस हिसाब से संवेदनशील मतदान केंद्रों की सुरक्षा एक हजार से ज्यादा पुलिस जवान करेंगे। विधानसभा चुनाव में 218 संवेदनशील मतदान केंद्र घोषित किए गए थे। इनमें से 66 को अति संवेदशील की श्रेणी में रखा गया था।
जबलपुर, छिंदवाड़ा जाएगा 481 का बल
मप्र में प्रथम चरण के चुनाव के लिए दौरान जबलपुर व छिंदवाड़ा में चुनाव ड्यूटी के लिए पुलिस मुख्यालय से 481 जवानों का बल भेजने के निर्देश दिए गए है। इंदौर पुलिस के आला अफसर अपने पास मौजूद बल में से इतने लोगों को चुनाव ड्यूटी के लिए भेजने के छांट रहे हैं। यह बल 6 अप्रैल को जबलपुर व छिंदवाड़ा के लिए रवाना होगा।
छत्तीसगढ़ की बटालियन के बल को स्क्वॉड में लगाया
कुछ समय पहले इंदौर पुलिस को छत्तीसगढ़ की 21 वी बटालियन की सी कंपनी का बल मिला है। इसके 105 जवानों को फिलहाल फ्लाइंग स्क्वॉड में नियुक्त कर 36 दलों का गठन किया गया है। हालांकि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अब 36 की जगह 27 फ्लाइंग स्क्वॉड किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
विधानसभा चुनाव के लिए मिली थी 13 कंपनियां
विधानसभा चुनाव के लिए इंदौर पुलिस को 13 कंपनियों का बल मिला था। इनमें सीआरपीएफ की 7 कंपनियां, आरएएफ की 1 कंपनी, सीआईएसएफ की 3 और हरियाणा व केरल की 1 कंपनियां और उनके अफसर शामिल थे। चुनावी व्यवस्था संभालने में इंदौर पुलिस के 4 हजार जवानों के साथ 800 जवानों का अतिरिक्त फोर्स भी लगाया गया था। इस बार पोलिंग बूथ की संख्या बढ़ने के कारण बल के बढ़ाएं जाने की संभावना भी जताई जा रही है।
36 फ्लाइंग स्क्वॉड व 36 सर्विलेंस टीम बनी थी
विधानसभा चुनाव के दौरान हर विधानसभा में चार सर्विलेंस टीम बनाई गई थी। जिला निर्वाचन आयोग द्वारा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 4-4 फ्लाइंग स्क्वॉड के दस्ते बनाए गए थे। इसमें एक मजिस्ट्रेट व पुलिस दल के चार अधिकारी व कर्मचारी और एक विडियोग्राफर नियुक्त किया गया था। इस तरह जिले की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों के लिए 36 फ्लाइंग स्क्वॉड का गठन किया गया था। इसके अलावा 36 स्टेटिक सर्विलेंस टीम तैयार की गई थी। इसमें भी फ्लाइंग स्क्वॉड की तरह ही मजिस्टे्रट व पुलिस बल को शामिल किया गया था। इन टीमों की जिम्मेदारी लगातार विधानसभा क्षेत्रों में मूवमेंट करने के साथ प्रत्याशियों के चुनावी खर्च पर विशेष नजर रखना था। इसके अलावा 209 पुलिस सेक्टर मोबाइल भी तैनात की गई थी।
पारदर्शिता के लिए बढ़ाए गए वीडियोग्राफर
निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा चुनाव में पारदर्शिता रखने के उद्देश्य से प्रत्येक फ्लाइंग स्क्वॉड व दस्ते में एक-एक वीडियोग्राफर की नियुक्त किया गया है, ताकि चुनाव संबंधित किसी भी आपत्ति या विवाद की स्थिति के लिए साक्ष्य जुटाए जा सके। पिछले विधानसभा चुनावों के वीडियोग्राफर की संख्या कम होती थी और विशेष मौकों पर ही जिला निर्वाचन आयोग विडियो रिकॉर्डिंग करवाई थी। यही वजह है कि इस बार भी लोकसभा चुनाव के दौरान वीडियो रिकॉर्डिंग किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
481 जवानों को जबलपुर चुनाव ड्यूटी के लिए भेजेंगे
विधानसभा चुनाव में चार हजार पुलिस तैनात किया गया था। मतदान केंद्र बढे है इस कारण पुलिस बल भी बढ़ाया जाएगा। पिछली बार 13 कंपनियां आई थी लेकिन इस बार 16 कंपनियों को बुलाया गया है। फिलहाल छत्तीसगढ़ की एक कंपनी आई है जिसे फ्लाइंग स्क्वॉड में लगाया गया है। इंदौर पुलिस के 481 जवानों को जबलपुर व छिंदवाड़ा भीे चुनाव ड्यूटी के लिए भेजा जाएगा।
- मोहित वरवंडर, आरआई
16 कंपनियों की मांग की गई
इस बार मतदान केंद्र बढ़ने के कारण 16 कंपनी की मांग की गई। इनके अलावा जिला साढ़े तीन हजार पुलिस बल को चुनाव ड्यूटी में लगाया जाएगा। इसके अलावा होमगार्ड, कोटवार व विशेष पुलिस का दर्जा प्राप्त अधिकारियों को भी नियुक्त किया जाएगा। विधानसभा चुनाव के मुकाबले लोकसभा चुनाव काफ स्मूथ होता है। इस कारण सुरक्षा व्यवस्था के लिए ज्यादा बल लगाने की जरुरत नहीं होती।
- राजेश कुमार सिंह, एडिशनल एसपी हेडक्वार्टर

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें