vinod upadhyay

vinod upadhyay

शुक्रवार, 10 दिसंबर 2010

कांग्रेस भवन में "तिरंगे" पर चला चाकू

रायपुर । कांग्रेसियों ने अपनी नेता सोनिया गांधी का जन्मदिन मनाने के उत्साह में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा के सम्मान की भी परवाह नहीं की। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री सुभाष शर्मा ने एक ऎसा केक काटा जिस पर तिरंगा ध्वज और अशोक चक्र बना हुआ है।

एक चाकू से इस तिरंगे के टुकड़े- टुकड़े करके कांग्रेसी इसे आपस में बांट कर खा गए। कांग्रेस के ही कुछ नेताओं ने इस पर गहरी आपत्ति जताते हुए इस घटना को राष्ट्रीय ध्वज का अपमान माना है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष इंदरचंद धाड़ीवाल ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी के 66वें जन्मदिन पर केक काटकर खुशी मनाई गई।

गांधी मैदान में मजदूरों के बीच लड्डू बांटे गए। कोटा स्थित आश्रम में गरीबों को कपड़े दिए गए। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री सुभाष शर्मा, महामंत्री डॉ. निरंजन हरितवाल, उपाध्यक्ष मदनलाल तालेड़ा, प्रवक्ता शेख शकील, प्रदेश सचिव सतीश जैन सहित कई अन्य उपस्थित थे।


शिकायत आई तो कार्रवाई : एसपी

एसपी दिपांशु काबरा का कहना है कि इस बारे में शिकायत आने पर कार्रवाई की जाएगी। यह देखा जाएगा कि इस मामले में झंडा संहिता का किस प्रकार उल्लंघन हुआ है।

यह तिरंगे का अपमान है

ऎसा लगता है कि यह तिरंगे वाला केक विशेष रूप से बनाया गया होगा। क्योंकि बाजार में ऎसा केक बिकता नहीं देखा गया है। न शहर, न प्रदेश और देश में कभी किसी ने राष्ट्रीय ध्वज का इस तरह अपमान किया है। तिरंगे वाले केक को चाकू से काटा जाना घोर अनुशासनहीनता है। यह झंडा संहिता का उल्लंघन है। जिन लोगों ने भी यह कृत्य किया है उनको इसके लिए क्षमा मांगनी चाहिए। - इकबाल अहमद रिजवी, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें